मोहल्ला राजो वाला में मजदूरों के जमावड़े से श्रद्धालु परेशान
शामली। भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर ने एसपी सुकीर्ति माधव को पत्र भेजकर अवगत कराया कि शामली के राजोवाला मोहल्ले में सुबह के समय मजदूरों का जमावड़ा लगा रहता है, जिस कारण मंदिर में आने वाली महिलाओें व अन्य श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आरोप है कि ये लोग महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़खानी करते हैं और बीच रास्ते में खड़े हो जाते हैं। शाम को कुछ आवारा किस्म के लड़के बैठे रहते हैं, जो आती जाती लड़कियों से छेड़खानी करते हैं। जबकि मजदूरों के बैठने की जगह प्रशासन ने रेलवे फाटक धीमानपुरा पर दी हुई है। जिलाध्यक्ष ने मोहल्ले से मजदूरों को हटाने की मांग की ताकि वहां पर कोई अप्रिय घटना न हो। उन्होंने बताया कि इस मोहल्ले में मिश्रित आबादी होने के कारण संवेदनशील है और वहां पर पूर्व में कई घटनाएं हो चुकी है। उन्होंने वहां पर पुलिस व्यवस्था की जरूरत बताते हुए कार्रवाई की मांग की। उधर, मोहल्ला राजोवाला निवासी जितेंद्र गर्ग ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर मजदूरों की भीड़ के कारण मंदिर में आने जाने वाली महिलाओं और भक्तों को परेशानी होना बताते हुए मजदूरों को वहां से हटवाने और पुलिस व्यवस्था की मांग की है।