शामली। सीएम योगी ने पंचायतों में सामुदायिक शौचालय एवं पंचायत भवनों का वर्चुअल रूप से लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पंचायत भवनों में बैंकिंग, जन सुविधा केंद्र, ब्राडबैंड जैसी कई सुविधाएं विकसित की जाएं। सामुदायिक शौचालयों और पंचायत भवनों से गांवों में रोजगार भी विकसित होंगे।
सोमवार को सीएम ने 203 ग्राम पंचायतों में से 155 सामुदायिक शौचालयों का शिलान्यास और 48 का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 11 पंचायत भवनों का शिलान्यास किया। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के दूसरे आयाम सामुदायिक शौचालय को महिलाओं के सम्मान एवं उनके स्वावलंबन से जोड़ते हुए सीएम ने बताया कि मिशन शक्ति की सफलता का यह आधार है। सार्वजनिक संपत्ति को आत्मनिर्भर भारत की नींव बताया। उन्होंने पंचायत भवनों को ऑप्टिकल केबल से जोड़ने हेतु निर्देश दिए। सामुदायिक शौचालय पर 6000 रुपये मासिक पर कर्मी नियुक्त किए जाएंगे।
मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि 100 दिनों तक अभियान चलाकर प्रत्येक आंगनबाड़ी एवं स्कूल को पेयजल परियोजना से जोड़ें। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ब्लॉक, ग्राम पंचायतों व स्कूलों में प्रसारित किया गया। कार्यक्रम में कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, सदर विधायक तेजेंद्र निर्वाल, एमएलसी वीरेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष देवी, डीएम जसजीत कौर, सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, एडीएम अरविंद कुमार सिंह, डीपीआरओ आलोक शर्मा, जिला सलाहकार सचिन वर्मा, देवेंद्र गंगवार व विनय कुमार सिंह उपस्थित रहे।
उधर, कैराना में बीडीओ कृष्ण गोपाल चौधरी ने बताया कि खंड विकास क्षेत्र के 37 शौचालयों में से 10 शौचालयों का लोकार्पण तथा 27 शौचालयों का शिलान्यास मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन किया।
----------
ब्लॉकवार बने सामुदायिक शौचालय
ब्लॉक कुल पंचायतें शिलान्यास लोकार्पण
शामली 25 - 17 - 08
कैराना 37 - 27 - 10
कांधला 32 - 17 - 15
थानाभवन 43 - 31 - 12
ऊन 66 - 63 - 03
कुल 203 - 155 - 48
--------
तीन गांवों में नहीं मिली जमीन
जिले की 15 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन नहीं हैं। इनमें से ऊन की औदरी, भमेड़ी शाहपुर, गुर्जरपुर, कबीरपुर, अहतमाली, बीना माजरा, चौसाना जदीद, भोगी माजरा, खानपुर, जिजौला, काला माजरा एवं शामली ब्लॉक की जलालपुर ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों का शिलान्यास हुआ। खानपुर तलवा माजरा, जलालाबाद देहात तथा मवी अहतमाली में भूमि उपलब्ध नहीं है जबकि एक पंचायत में कुछ विवाद है।