शामली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारियों ने जिला अध्यक्ष व नगर अध्यक्षों के नेतृत्व में प्रदेश के व्यापारियों की 11 सूत्रीय मांगों का योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन थानाभवन विधायक अशरफ अली को सौंपा। प्रदेश के व्यापारियों के मुद्दों को विधानसभा के शीत कालीन सत्र में उठाने का अनुरोध किया ।
मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने बताया कि प्रदेश के व्यापारियों को 60 साल से ऊपर की आयु के बाद 3 हजार रुपये प्रतिमाह की पेंशन, स्टॉक का बीमा सरकारी स्तर पर करने, कामर्शियल विद्युत दरों को घरेलू विद्युत दरों के बराबर करने की मांग संगठन से की जा रही है। मुख्यमंत्री को कई बार व्यापारी अपनी मांगों का ज्ञापन दे चुके हैं। प्रदेश भर में व्यापारियों ने विधायको को ज्ञापन देकर शीत कालीन विधानसभा सत्र में उठाने का अनुरोध किया है। यदि फिर भी प्रदेश सरकार 14 जनवरी तक व्यापारी की और ध्यान नहीं देती है, तो 15 जनवरी के बाद प्रदेश का व्यापारी हर जिले में अपनी मांगों के समर्थन में धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर होगा। बैठक में सुभाष चंद्र धीमान, नरेंद्र अग्रवाल ,रवि संगल, वैभव गोयल, अनुज गोयल, ऋषभ जैन, शिवांक गर्ग, राजेश जैन ,मनोज मित्तल आदि उपस्थित रहे।