कैराना। तीन दिन पहले पालिका के नामित सभासद ने भाजपा जिला अध्यक्ष पर अपमानित करने और कोरे कागज पर जबरन हस्ताक्षर कराने के आरोप लगाए थे। शनिवार को सैनी समाज की बैठक हुई। जिसमें भाजपा का विरोध करने का एलान किया। आगे की रणनीति के लिए समाज के पांच लोगों की एक कमेटी बनाई गई।
नगर पालिका के नामित सभासद रोहताश सैनी का आरोप है कि 22 सितंबर को उसको भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर ने मायापुर फार्म हाउस पर बुलाकर उन्हें गालियां दीं। अपमानित कर उनसे एक कोरे कागज पर जबरदस्ती हस्ताक्षर करा लिए। इससे क्षुब्ध रोहताश सैनी ने अगले दिन प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को नामित सभासद पद से त्यागपत्र भेज दिया था। इस मामले को लेकर गांव झाड़खेड़ी में पूर्व प्रधान सुभाष सैनी के आवास पर सैनी समाज की एक बैठक हुई। निर्णय लिया गया कि जब तक भाजपा जिला अध्यक्ष सतेंद्र तोमर सार्वजनिक रूप से समाज से माफी नहीं मांगते, तो समाज द्वारा भाजपा पार्टी का पुरजोर विरोध किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर का कहना है कि मुझ पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। कैराना के कुछ लोग मेरे खिलाफ षड्यंत्र के तहत रोजाना नया विवाद खड़ा कर रहे हैं। मौके पर आल्दी गांव के पूर्व प्रधान अरविंद सैनी, पूर्व प्रधान सुभाष सैनी, पूर्व प्रधान गुरदास सैनी, ग्राम प्रधान अंकुर सैनी, पुष्कर सैनी पंजीठ, राजकुमार सैनी, पहल सिंह सैनी मौजूद रहे।