झिंझाना। दूध के पैसे मांगने पर अगड़ीपुर गांव में दूध कारोबारी पर दो लोगों ने फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर घायल दूध कारोबारी को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
टिटौली गांव का निवासी करीब 45 वर्षीय वकील पुत्र महमूद दूध का कारोबारी है। दूध की सप्लाई करने के लिए बुधवार की शाम टपराना के मजरे अगड़ीपुर गांव में गया था। गांव के व्यक्ति बिंदर पुत्र रामधन से उसने दूध के बकाया 47 हजार रुपये मांगे तो विवाद हो गया। बिंदर ने अपने साथी के साथ मिलकर वकील पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। सूचना पर वकील के चाचा जमील पुत्र रफीक व आदि लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की सहायता से वकील को शामली सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत को नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने हाई सेंटर रेफर कर दिया। इस संबंध में जमील द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी बिंदर को गिरफ्तार कर लिया है।