शामली। शहर में सभी बैंकों के मिलाकर 25 से ज्यादा एटीएम हैं, लेकिन उनका कोई फायदा नहीं हो रहा। सभी एटीएम खाली डिब्बे बने हुए हैं। जिसके कारण लोगों को छुट्टी के दिन कैश के लिए सुबह से ही एटीएम पर लाइन लगानी पड़ी। पूरा दिन कैश के चक्कर में ही बीत गया।
रविवार को बैंकों की छुट्टी होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने सोचा कि रविवार को एटीएम में कैश डाला जाएगा। जिससे वह ढाई हजार रुपये निकालकर घर का कुछ सामान खरीद सकेंगे, लेकिन यहां तो सब कुछ उल्टा ही रहा। शहर में लगभग 25 से ज्यादा एटीएम खाली डिब्बे बने हुए दिखाई दिए।
गांव व शहर के लोग सुबह आठ बजे ही एटीएम कार्ड जेब में डालकर बाइक, साइकिल और पैदल घर से निकल चुके। जिसके बाद शहर में जहां जहां भी एटीएम लगे हुए थे वहां गए, तो ज्यादातर एटीएम के दरवाजे बंद मिले।
शहर में ऐसे एटीएम का क्या फायदा जो किसी के काम ना आ सके। ऐसा ही नजारा रविवार को शहर में देखा गया कि लोग जहां भी जाते एटीएम का दरवाजा बंद देख फिर आगे चल देते।
जिसके बाद हार थककर अपने घर बैठ जाते। रविवार को अमर उजाला रिपोर्टर ने शहर के एटीएम का हाल जाना। सुबह 11.30 वर्मा मार्केट स्थित इंडियन बैंक का एटीएम बंद मिला। जिसके बाहर एक आदमी फोन पर घर वालों को बताते हुए कह रहा कि यह तो बंद है अब क्या होगा। शहर के मैन रोड पर 12 बजे देखा गया तो ओरियंटल बैंक का एटीएम, बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम बंद मिला।
वहीं, 12.15 पर यूनियन बैंक, कार्पोरेशन बैंक का एटीएम, इंडियन ओवरसीज, पीएनबी, एक्सिस का एटीएम बंद पाया गया। 12.30 पर मेरठ करनाल रोड स्थित एचडीएफसी के दोनों एटीएम पर कैश नहीं मिला। 12.40 पर आईसीआईसीआई का एटीएम भी बंद मिला। वही 12.50 पर शहर के स्टेशन स्थित एसबीआई एटीएम खुला मिला तो उस पर लंबी लाइन लगी रही।