शामली। विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन नौ प्रत्याशियों के नामांकन पत्र खरीदे गए। कैराना विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे, लेकिन समय खत्म होने के कारण उनका नामांकन पत्र दाखिल नहीं हो सका।
शुक्रवार को कैराना विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक नाहिद हसन, भाजपा नेता अनिल चौहान, अहमदुल्ला निर्दलीय का नामांकन पत्र खरीदा गया। शामली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी तेजेंद्र निर्वाल, मोहम्मद इस्लाम बसपा, गांव सिंभालका निवासी संजीव कश्यप का निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र खरीदा गया।
थानाभवन विधानसभा क्षेत्र से डॉ. सुधीर पंवार, जावेद राव शास्त्री नगर मेरठ, हाल निवासी थानाभवन, जावेद राव के भाई राहत अली का निर्दलीय नामांकन पत्र खरीदा गया। थानाभवन विधानसभा क्षेत्र से 16, शामली विस क्षेत्र से आठ, कैराना विधानसभा क्षेत्र से 11 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं।
कैराना विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी के रूप से दिवाकर देशवाल कश्यप दो बजे के बाद कलक्ट्रेट में अपने अधिवक्ता की सीट पर पहुंचे और नामांकन पत्र के कागजों को पूरा करने में लगे रहे।
नामांकन पत्र का समय खत्म होने के बाद कलक्ट्रेट में पहुंचे, लेकिन नामांकन का समय खत्म होने पर उनका पर्चा दाखिल नहीं हो सका। बसपा के जिलाध्यक्ष अरविंद झाल ने बताया कि शनिवार को जिले के सभी बसपा प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
कैराना विस के आरओ भानु प्रकाश शुक्ला, शामली विधानसभा के आरओ एमपी सिंह, थानाभवन विधानसभा के आरओ एसडीएम ऊन विजय प्रकाश तिवारी ने बताया कि तीनों विधानसभा से नौ नामांकन पत्र खरीदे हैं। वहीं, इसके अलावा एएसपी ने कलक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण कर सीओ कैराना भूषण वर्मा, थानाभवन सीओ से सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।