शामली। क्षेत्र के गांव खोडसमा में बाइक सवार दो बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने से महिलाओं के कानों से कुंडल झपट लिए। महिलाओं ने शोर मचाया, लेकिन उससे पहले ही दोनों बाइक भाग निकले। पीड़ितों के परिजनों ने चौकी में तहरीर दी।
क्षेत्र के गांव खोडसमा में सोमवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने महिलाओं को निशाना बनाया। सोमवार को कौशर पत्नी आमिल और गफूरन पत्नी हामिद खेत पर जा रही थी। तभी दो युवकों ने उनके पास बाइक रोकी और रास्ता पूछने लगे। महिलाएं जैसे ही उन्हें रास्ता बताने लगी, तभी दोनों युवकों ने उनके कानों से कुंडल झपट लिए।
महिलाएं चीखती हुई जमीन पर जा गिरी और शोर मचाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने महिलाओं को सड़क से उठाकर किनारे लिटाया। इसके बाद बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह भाग निकले। बाद में दोनों महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया।
दोनों महिलाओं के कानों में बारह टांके आए। परिजनों ने पुलिस को मामले की तहरीर दी। कार्यवाहक चौकी प्रभारी जनेश्वर दयाल ने कहा परिजनों से तहरीर मिल गई है। जांच शुरू कर दी।