शामली। मुखबिर की सूचना पर कांधला पुलिस ने विपुल खूनी के दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से एक मस्कट, कारतूस और चाकू बरामद किया है। पूछताछ के बाद दोनों का चालान कर दिया गया।
शुक्रवार रात थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान टीम के साथ बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि दो लोग सफेद स्विफ्ट कार में पूर्वी यमुना नहर पटरी से कनियान मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते पर किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने उस रास्ते पर पहुंचकर चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक इस दौरान सामने से आ रही एक कार को रुकने का इशारा किया गया तो कार चालक ने कार की गति को बढ़ा दिया। पुलिस ने इस कार का पीछा करने के बाद कुछ दूरी पर पकड़ लिया और उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
दोनों युवकों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वह विपुल खूनी के साथ मिलकर कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। उन्होंने अपने नाम योगेश निवासी थाना बड़ौत गांव बिजरौल और दूसरे ने ओमपाल निवासी रामबाग कस्बा, थाना बड़ौत बताया।
दोनों के पास से एक मस्कट, कारतूस, चाकू और स्विफ्ट कार बरामद की गई है। पुलिस ने उक्त मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों का चलान कर दिया।