कैराना में छापामारी करने पहुंची विद्युत निगम की टीम।
- फोटो : amar ujala
शामली के कैराना में विद्युत विभाग विजिलेंस की टीम ने कैराना कस्बे के कई मोहल्लों में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ छापामारी की। चेकिंग अभियान के कारण बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मचा रहा।
बुधवार दोपहर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर विद्युत विभाग विजिलेंस की टीम कैराना पहुंची। वहां उन्होंने मोहल्ला आलकला और आल खुर्द में मकानों पर पहुंचकर चेकिंग कराई। चेकिंग के दौरान 30 घरों में चोरी से बिजली उपयोग पाया गया। विजिलेंस टीम ने बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी, लेकिन इसी दौरान छह उपभोक्ताओं ने करीब 60 हजार रुपये जुर्माना अदा कर दिया। इसके चलते बिजली चोरी के आरोप में 24 लोगों के खिलाफ कैराना कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
आबकारी विभाग ने जब्त वाहनों की नीलामी कराई
शामली। आबकारी विभाग द्वारा शराब तस्करी के मामलों में जब्त किए गए लावारिस वाहनों की बुधवार को नीलामी कराई गई। कलक्ट्रेट सभागार में जिला आबकारी अधिकारी सुधीर कुमार तथा अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में 25 वाहनों की नीलामी प्रक्रिया शुरू हुई। उनमें कैंटर, ट्रैक्टर, कार, बाइक और स्कूटर पर बोली लगाई गई। इनमें से 15 वाहनों की बोली लगाने के बाद नीलामी हो गई, लेकिन 10 वाहनों की नीलामी नहीं हो सकी। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि बाकी 10 वाहनों की नीलामी दोबारा कराई जाएगी।