झिंझाना। कस्बे के इंटर कालेज के छात्रों के दो गुटों में छुट्टी होने के बाद जमकर धारदार हथियार चले, इसके चलते एक गुट से एक छात्र चाकू लगने से गंभीर घायल हो गया।
झिंझाना थाना के सरकारी नंबर पर लोगों द्वारा बार-बार फोन करने पर भी फोन रिसीव नहीं होने पर सौ नंबर पर फोन करने के एक घंटा बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायल छात्र के चाचा ने एक छात्र को नामजद व दो दर्जन अज्ञात छात्रों के खिलाफ तहरीर थाना झिंझाना में दी है।
शनिवार को राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कालेज के छात्रों के दो गुटों में तीन बजे के बाद कॉलेज की छुट्टी होने पर बस स्टैंड पर आपस में कहासुनी होने के बाद लाठी-डंडों के बाद चाकू चल गए। इसमें गांव जमालपुर निवासी कक्षा दस का छात्र राजा चेहरे पर चाकू लगने से घायल हो गया। लगभग आधा घंटा उपद्रवी छात्रों का आतंक बस स्टैंड पर रहा। दोनों ओर से सभी वाहन रुक गए।
सैकड़ों लोगों की भीड़ वहां जमा थी, लेकिन किसी की हिम्मत चाकू चला रहे छात्र को रोकने की नहीं हुई। झिंझाना पुलिस के सरकारी नंबर पर लोगों ने फोन किया, लेकिन हरबार फोन रिसीव करने के बाद काटा जाता रहा। करीब एक घंटा बाद एसएसआई सतपाल सिंह पहुंचे, लेकिन तब तक छात्र वहां से भाग चुके थे, बाद में घायल छात्र के परिजनों ने मामले में शिकायत पुलिस को की। एसएसआई सतपाल सिंह का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आरोपी छात्रों की तलाश कि जा रही है। झगड़े का कारण अभी पता नहीं चला है।