झिंझाना। बैंक से रुपये निकालकर अपनी भाभी के साथ बाइक से घर लौट रहे ग्राम प्रधान को सात बदमाशों ने चाकू मारकर घायल कर दिया और 1.75 लाख रुपये लूट लिए।
प्रधान पर तमंचे से फायर भी किया, लेकिन वह बाल बाल बचे। शोर मचाने पर आसपास के खेतों से आए किसानों ने बदमाशों को घेर लिया। चार बदमाश तो बाइक पर फरार हो गए, जबकि तीन बदमाशों को भीड़ ने पकड़ने के बाद धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया।
ग्राम पंचायत शिवनगर बीबीपुर के प्रधान श्याम सिंह सोमवार को कसबा झिंझाना स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा से एक लाख 75 हजार रुपये निकाले। इसके बाद वह अपनी भाभी सुभाषनी के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। बीबीपुर मार्ग पर पीछे से आए दो बाइकों पर सवार सात बदमाशों ने तमंचों से आतंकित करके उन्हें रुकवा लिया। गन प्वाइंट पर लेकर श्याम सिंह से बदमाशों ने 1.75 लाख रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया।
शोर मचाने पर बदमाशों ने प्रधान पर फायर कर दिया जिसमें वह बाल-बाल बचे। इस दौरान खेतों में काम कर रहे किसानों के आने पर बदमाश भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने घेराबंदी करके तीन बदमाशों को पकड़ लिया। बदमाशों की पिटाई की गई।
इसी दौरान सूचना पर झिंझाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों बदमाशों को पकड़कर थाने ले आई। थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि पकडे़ गए बदमाशों में मोहित उर्फ रोहित निवासी रामपुर मनिहारान (सहारनपुर), दिलशाद उर्फ दिल्ला इस्लामनगर कैराना और फरमान उर्फ भुल्ला निवासी खुरगान थाना कैराना को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपियों से दो तमंचे व कारतूस बरामद करते हुए लूटे गए दो मोबाइल भी बरामद किए हैं। इस दौरान फरार होने वाले चार बदमाश लूटी गई रकम अपने साथ ले गए।