कैराना। मकान मालिक की गैर मौजूदगी में चोरों ने मकान मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर लाखों की नकदी और सोने के जेवर चुरा लिए। सुबह चोरी होने का पता चला।
मोहल्ला दरबार खुर्द गली नंबर-2 निवासी डॉ. इरशाद मलिक का भाई हारुण परिवार सहित किसी काम से रुड़की गया था। हारुण के दो बच्चे डॉ. इरशाद के मकान पर सोये हुए थे। रविवार सुबह जब दोनों बच्चे अपने मकान पर पहुंचे तो मकान के लोहे के मुख्य गेट पर लगे ताले का कुंडा टूटा हुआ था। अंदर जाने पर देखा तो कमरे पर लगे ताले का कुंडा भी टूटा हुआ पाया। अलमारी और संदूक खुले पडे़ थे और सारा सामान बिखरा हुआ था। फोन द्वारा सूचना पर हारुण कैराना पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
चोरों ने अलमारी में रखी दो लाख की नकदी व पांच तोले सोने के हार, कुंडल, झुमकी चोरी कर लिए। बाद में हारुण ने कोतवाली में चोरों के विरुद्ध तहरीर दी। उधर, कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि इससे पहले भी लगातार चोरियां होने से क्षेत्र के लोग काफी परेशान हैं।