शामली। शहर के दो व्यापारियों के मोबाइल पर कॉल कर रंगदारी मांगी गई है। एक व्यापारी को धर्मेंद्र किरठल के नाम से रंगदारी मांगी गई, तो दूसरे को कॉल कर एक लाख रुपये मांगे गए हैं। कॉल करने वाले ने रंगदारी नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। कोतवाली पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
धीमानपुरा रोड स्थित बंसल गारमेंट के संचालक कपिल पुत्र प्रमोद के भाई अतुल के मोबाइल पर शनिवार की रात करीब 11 बजे अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बदमाश धर्मेंद्र किरठल बताते हुए पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। दहशत के चलते अतुल ने तुरंत मोबाइल बंद कर लिया और अपने भाई कपिल व परिजनों को इस बारे में बताया। इसके बाद सुबह करीब आठ बजे मोबाइल ऑन किया तो फिर उसे कॉल कर धमकी दी गई। जिसके बाद अतुल ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
दूसरा मामला आजाद चौक का है। आजाद चौक निवासी अरशद की पानीपत में सिलाई मशीन बनाने की फैक्ट्री है। उसका शामली में भी कारोबार है। उसकी मां के मोबाइल पर शुक्रवार की रात व शनिवार को दिन में कई बार कॉल आई। कॉल करने वाले ने एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। साथ ही धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए, तो पूरे परिवार को मार दिया जाएगा। पीड़ित ने बताया कि कॉल करने वाले ने उसके घर और बच्चों के स्कूल के बारे में भी बताया। धमकी दी कि यदि एक लाख रुपये नहीं दिए, तो परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। अरशद ने मामले की कोतवाली में तहरीर दी।
दहशत में जिले का उद्योग
शामली। पिछले कई माह में जिले में रंगदारी मांगने की घटनाएं लगातार तेजी से बढ़ी हैं। जिस कारण जिले के व्यापारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। व्यापारियों के संगठनों ने भी रंगदारी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई है। व्यापारियों और उद्यमियों से रंगदारी मांगने की घटनाओं को लेकर पुलिस गंभीर है, लेकिन इन पर रोक नहीं लग रही है।
लगातार रंगदारी के मामले बढ़ रहे हैं। पुलिस के खुलासे में भी जेल में बंद बदमाशों द्वारा धमकी मिलने के खुलासे हुए। इसके बावजूद भी बदमाशों का निशाना व्यापारी ही बने हुए हैं। व्यापारियों के संगठनों में भी इस बात को लेकर रोष है। संगठनों के पदाधिकारियों का भी कहना है कि लगातार रंगदारी की बढ़ती घटनाओं से व्यापारी दहशत में हैं। साथ ही उन्हें मानसिक तनाव भी झेलना पड़ रहा है।
बोले व्यापारी, हरकत में आए प्रशासन
f रंगदारी की बढ़ती घटनाओं से व्यापारी दहशत में है। व्यापारियों की सुरक्षा के लिए एकजुट होकर लड़ना होगा। इसके लिए आला अधिकारियों भी कई बार बात हुई। पिछले कई मामले भी पुलिस द्वारा खोले गए। - अंकित गोयल, प्रदेश उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल।
f व्यापारियों की सुुरक्षा के लिए संगठन हर समय तैयार खड़ा है। अब मेरठ में संगठन की बड़ी मीटिंग है। उसमें यह मामले उठाए जाएंगे और पुलिस के अधिकारियों से भी इस संबंध में बात की जाएगी। - अनुराग जैन, जिलाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल।
f रंगदारी की घटनाओं का बढ़ने का मुख्य कारण पुलिस प्रशासन को कमजोर दर्शाता है। एक तरफ व्यापार में मंदी चल रही है, दूसरी ओर रंगदारी की घटनाएं बढ़ रही हैं। जिससे पूरा व्यापारी और उद्यमी वर्ग में दहशत में है। पुलिस प्रशासन इन मामलों में मूकदर्शक बना हुआ है। - मोहित जैन, व्यापारी नेता शामली।