झिंझाना। गांव रजाक नगर में युवक की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है। युवक की मौत से घर में कोहराम मच गया है।
शुक्रवार को गांव रजाक नगर निवासी रोहताश कश्यप के बड़े बेटे रवि (25) ने घर में रखी लाइसेंसी रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उसके शरीर में दो गोली लगी है। एक सिर में दूसरी छाती में बाई ओर लगी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाना चाहा।
इस पर परिजन व ग्रामीणों ने पुलिस का विरोध कर शव देने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाह रहे हैं। थाना प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि मृतक के पिता रोहताश के कार्रवाई नहीं करने को लिखकर देने पर शव का पंचनामा भरकर उनके सुपुर्द कर दिया है।
परिजनों ने गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया है। गौरतलब है कि जिले में चुनाव आचार संहिता लगने के बाद भी पुलिस ने ग्रामीणों के लाइसेंसी हथियार को अभी तक थाने में जमा नही कराया है, जबकि चुनाव में मात्र चार दिन शेष है।