थानाभवन। खुले में शौच मुक्त अभियान के अंतर्गत घर में शौचालय बनाने को लेकर ग्राम नौजली में दो पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थानाभवन क्षेत्र के गांव नौजली निवासी दर्शन पुत्र कलीराम घर में शौचालय का निर्माण करा रहा था। इसी बीच उसके पड़ोसी टीनू पुत्र कर्म सिंह से उसका विवाद हो गया। जिस पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। जिस पर पुलिस ने पुलिस ने दर्शन, आशु, टीनू, शिवकुमार को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई।
थाने में भी दोनों पक्षों में फैसले की बात चली, लेकिन मामला बिगड़ता देख पुलिस ने दर्शन, उसके साले आशु और दूसरे पक्ष के टीनू को गिरफ्तार कर शांतिभंग में जेल भेज दिया।
उधर, पीड़ित दर्शन का आरोप था कि टीनू व उसके अन्य भाईयों ने उसके घर में बन रहे शौचालय में तोड़फोड़ करने के साथ उसके परिवार के साथ मारपीट की। इसके बावजूद पुलिस दोनों को जेल भेज रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करा कार्रवाई किए जाने की मांग की है।