कैराना। भूरा से देर शाम बीमार बच्चे को शामली में डाक्टर को दिखाने लेकर जा रहे बाइक सवार दंपति के साथ बदमाशों ने मारपीट की और एक साल के बीमार बच्चे को छीन कर ईख में फेंक दिया। इसके बाद बदमाशों ने तमंचे से आतंकित करते हुए 10 हजार रुपये, सोने के कुंडल व सोने की हसली लूट ली। बाद में बदमाश धमकी देते हुए जंगल के रास्ते फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर मामले की सूचना दी।
ग्राम भूरा निवासी जमेशद का एक वर्षीय पुत्र बीमार था। जिसके चलते शुक्रवार सांय 7 बजे जमशेद अपनी पत्नी नाजमा व भाई दिलशाद के साथ बच्चे को शामली नर्सिंग होम में भर्ती कराने के लिए जा रहे थे।
बाइक दिलशाद चला रहा था। भूरा से निकलते ही जैसे उनकी बाइक झिंझाना रोड पर गोगवान के पास ईंट भट्ठे के पास पहुंची तो ईख के खेत से दो नकाबपोश बदमाश निकल कर सड़क पर आए तथा बाइक चला रहे दिलशाद के हाथ पर जोर से लाठी मार दी। लाठी लगने से उनकी बाइक गिर गई। बदमाशों ने जमशेद के बीमार बच्चे को छीन कर ईख के खेत में डाल दिया तथा जमशेद व दिलशाद की कनपटी पर तमंचे लगा दिए।
इसके बाद बदमाशों ने दिलशाद से मारपीट करते हुए 10 हजार रुपये, एक मोबाइल व नजमा के कानों के सोने के कुंडल व सोने की हसली लूट ली। बदमाशों के जाने के बाद जमशेद ने ईख के खेत में रो रहे अपने बच्चे को उठाया तथा कैराना कोतवाली पहुंचकर मामले की सूचना दी।