कांधला। मोहल्ला रायजादगान में छेड़छाड़ के विरोध पर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार सुबह कस्बा के मोहल्ला रायजादगान निवासी एक व्यक्ति की पुत्री अपने घर के बाहर सफाई कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले के एक युवक वहां आया और उससे छेड़छाड़ कर दी। विरोध किया, तो वह हाथापाई पर उतर आया। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गया। इसके बाद युवती ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, तो युवती के परिजनों ने युवक के परिजनों से शिकायत की।
आरोप है कि इस पर युवक पक्ष के लोगों ने युवती के परिजनों पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए और जमकर डंडे चले। संघर्ष में युवती पक्ष से एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए।
दोनों पक्षों ने डाक्टरी कराने के बाद कांधला थाने पहुंचकर एक दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।