शामली। मोहल्ला नंदूप्रसाद में एक ट्रांसपोर्टर पर तमंचा तान बाइक सवार तीन युवकों ने धमकाते हुए पचास हजार रुपये महीना देने की मांग की। शोरशराबा होने पर आरोपी फरार हो गए। मामले की शिकायत पुलिस को की गई, पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
मोहल्ला नंदूप्रसाद निवासी अन्नू का ट्रांसपोर्ट का काम है। बताया जाता है कि रविवार की रात्रि वह अपने घर पर बैठा हुआ था। उसी दौरान बाइक पर सवार होकर तीन युवक पहुंचे।
बाइक सवार युवकों ने उन पर तमंचा तानकर उससे हर महीने पचास हजार रुपये देने की बात कही। उसने विरोध किया तो आरोपी मौके से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद से परिवार में दहशत व्याप्त हो गई। पीड़ित ने पूरे प्रकरण से पुलिस को अवगत कराते हुए मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी तथा एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है मामला संदिग्ध है। इसकी जांच की जा रही है।