देशभर में चर्चित रहे शामली की पंजाबी कॉलोनी के रहने वाले प्रसिद्ध भजन गायक अजय पाठक व उनकी पत्नी स्नेहलता, पुत्री वसुंधरा व पुत्र भागवत की हत्या करने के मामले में दोष सिद्ध पाए जाने पर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार ने हत्यारे झारखेड़ी गांव के रहने वाले हिमांशु सैनी को मृत्यु दंड की सजा सुनाई। इसके साथ ही एक लाख 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया।
जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) संजय चौहान ने बताया कि 30 दिसंबर 2019 की रात थाना आदर्श मंडी क्षेत्र की पंजाबी कॉलोनी निवासी भजन गायक अजय पाठक व उसकी पत्नी स्नेहलता, पुत्री वसुंधरा व पुत्र भागवत की अजय पाठक के शिष्य हिमांशु सैनी ने तलवार व खंजर से काट कर हत्या कर दी थी। हत्यारा भागवत के शव को अजय पाठक की गाड़ी की डिग्गी में बंद करके, घर से सोने-चांदी के गहने व नगदी लूट कर फरार हो गया था।
अजय पाठक के भाई
- फोटो : अमर उजाला
31 दिसंबर को परिवार के अन्य लोग अजय पाठक के घर पहुंचे तो हत्याकांड का पता चला। लेकिन मौके पर भागवत का शव नहीं मिला था। 31 दिसंबर को मृतक के बड़े भाई हरिओम पाठक ने थाना आर्दश मंडी पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 31 दिसंबर की सुबह ही हत्यारा हिमांशु सैनी अजय पाठक की कार की डिग्गी में भागवत को शव डाल कर पहले दिल्ली के बुराडी स्थित संतनगर में अपने फ्लैट पर गया और रात में पानीपत टोल प्लाजा पर पहुंच कर गाड़ी में आग लगा दी थी।
अजय पाठक हत्याकांड में कातिल को फांसी की सजा सुनाई गई।
- फोटो : अमर उजाला
पानीपत पुलिस ने गाड़ी की आग बुझाते हुए हिमांशु सैनी को गिरफ्तार कर लिया था और आर्दश मंडी पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने हिमांशु सैनी से अजय पाठक के घर से लूटे गए 22 लाख के गहने व दो लाख की नगदी और तलवार व खून से सना खंजर बरामद किया था। पुलिस ने चार्जशीट न्यायालय में दाखिल कर दी थी।