झिंझाना में युवक ने एक युवती को शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। युवती ने शादी के लिए कहा, तो वह इंकार करने लगा। अब पीड़िता के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा झिंझाना के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि पड़ोसी युवक ने उसकी बेटी को प्रेम-प्रसंग में फंसा लिया। आरोप है कि इसके बाद उसका यौन शोषण किया। फिर शादी करने से इंकार करने लगा। काफी मनाने पर भी वह नहीं माना। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़िता के पिता ने मांग की है कि आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई कराई जाए। इस बारे में थानाध्यक्ष ने कहा कि शिकायत पत्र मिला है। अभी दोनो पक्षों में समझौता वार्ता चल रही है। जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
झिंझाना। झिंझाना के मोहल्ला शेखो मैदान निवासी गुलशेर ने पुलिस को दी तहरीर में अवगत कराया है कि उसकी बेटी की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व पड़ोस में रहने वाले युवक से की गई थी। आरोप है कि उसकी बेटी को दहेज की मांग के चलते परेशान किया जा रहा है, जिसके चलते उसकी बेटी काफी समय से मायके में रह रही है। पीड़िता के पिता ने मांग की है कि आरोपी ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कराई जाए।
छात्रा से छेड़छाड़ करते तीन छात्र पकड़े
शामली। शहर के नाला पटरी पर लड़की से छेड़छाड़ कर रहे तीन छात्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सोमवार को शहर के नाला पटरी पर तीन छात्र आती जाती लड़कियों से छेड़छाड़ कर रहे थे। वहां मौजूद लोगों की सूचना पर डॉयल 100 पुलिस मौके पर पहुंची तथा तीनों छात्रों को हिरासत में लेकर थाने आ गई। पकड़े गए छात्रों के परिजनों को पुलिस ने सूचना दी, जिसके बाद परिजन भी थाने पहुंच गए। वहां छात्रों ने माफी मांगी, जिसके बाद पुलिस ने चेतावनी देकर उन्हें छोड़ दिया।
युवती को अगवा करने का आरोप
शामली। क्षेत्र के एक गांव से युवती का बहलाफुसलाकर अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि पुलिस ने युवक के मामा व युवती के चाचा को ही हिरासत में ले लिया।
शहर के मोहल्ला दयानंदनगर निवासी के यहां उनका भांजा आया हुआ था। इसी दौरान उसका गांव निवासी युवती से उसका प्रेम-प्रसंग हो गया। सोमवार को आरोपी युवक युवती को लेकर फरार हो गया। परिजनों ने शामली कोतवाली पुलिस को आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।