शामली। शहर में दिन निकलते ही टेंट व्यापारी के घर में तीन बदमाश घुस गए। बदमाशों ने व्यापारी को लूट के इरादे से गन प्वाइंट पर लेने की कोशिश की, लेकिन व्यापारी और उसकी पत्नी ने शोर मचा दिया और बदमाशों से भिड़ गए। इस दौरान हुई धक्कामुक्की में एक बदमाश के हाथ से तमंचा गिर गया। विरोध बढ़ने पर तीनों बदमाश भाग निकले। बाद में पुलिस और मोहल्ले के अन्य लोग भी पहुंच गए, लेकिन बदमाशों का पता नहीं लगा।
आदर्श मंडी क्षेत्र के मोहल्ला रेेलपार में सड़क पर ही टेंट व्यापारी राजीव पुत्र घनश्याम की दुकान है। दूसरी मंजिल पर वह परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तीन युवकों ने चूल्हा खराब होने के बहाने गेट खुलवाया। राजीव ने गेट खोला, तो दो युवक वहीं खड़े हो गए। जबकि एक युवक राजीव के पीछे-पीछे चल दिया और उसने नीचे बने कमरे में राजीव पर तमंचा तान दिया। इस दौरान दूसरी मंजिल पर जाने वाली सीढ़ियों पर राजीव की पत्नी ऊषा झाड़ू लगा रही थी। जब उसने बदमाश द्वारा राजीव पर तमंचा ताने हुए देखा, तो शोर मचा दिया, जिससे बदमाश घबरा गए। शोर मचाने के बाद राजीव भी बदमाश से भिड़ गया और गेट की तरफ भागने लगा।
इस दौरान बाहर खड़े दो बदमाशों ने गेट बंद करने का प्रयास किया, लेकिन राजीव और उसकी पत्नी शोर मचाते रहे। अधिक शोरशराबा होने पर जब आसपास के लोग दौड़ने लगे, तो बाहर खड़े दोनों बदमाश रेलवे लाइन की तरफ से भाग निकले। तीसरा बदमाश भी राजीव को धक्का देकर भाग निकला। इस दौरान बदमाश का तमंचा और चादर वहीं छूट गई। बाद में अन्य लोग एकत्र हो गए, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान पुलिस ने बदमाशों की तलाशी के लिए कांबिंग भी की, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। बाद में आदर्श मंडी पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और तमंचा अपने कब्जे में ले लिया।