झिंझाना। टपराना में भूमिया खेड़ा तालाब पर कब्जा कर रहे लोगों को पुलिस ने रोक दिया। इससे गुस्साए कब्जाधारी ने पुलिस से शिकायत करने के शक में पड़ोसी के घर धावा बोलकर आधा दर्जन लोगों को घायल कर दिया। घायल पक्ष ने आरोपी पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ जान लेवा हमला करने का मुकदमा पंजीकृत कराया है।
गांव टपराना निवासी मुख्तार ने सोमवार को थाना झिंझाना में तहरीर देकर बताया की उसके पड़ोसी गांव केे भूमिया खेड़ा तालाब पर कब्जा कर रहे थे। किसी अन्य ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कब्जा रुकवा दिया था, लेकिन कब्जाधारियों ने शक के आधार पर रात्रि में उसके घर में घुसकर परिवार के लाठी डंडो व धारदार हथियारों से पीटना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची झिंझाना पुलिस ने रात में ही सभी घायलों को झिंझाना सीएचसी में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी बीपीसिंह ने बताया की घायल इसरार, साहवर, फरासत, सदाम, तसनीम शानिया को उपचार के बाद मुख्तार की ओर से हमलावरों हामिद, वाजिद, साजिद, शौकत, सदाकत, आबिद, शाहिद, फुरकान के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला करने की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
बाइकों की भिड़ंत से दो समुदायों में तनाव
झिंझाना। कस्बे के दरगाहपुर रोड पर दो युवकों की बाइक आपस में टकराने पर बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आपस में झगड़ा करने से कसबे में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया। मौके पर पहुंचे जिम्मेदार लोगों ने मामले को संभाल कर रफा दफा कराया।
सोमवार को दरगाहपुर रोड स्थित नगर पंचायत कार्यालय के बाहर बाइक सवार युवक इमरान की टक्कर आसिफ, अनिकेत, जो दूसरी बाइक पर थे के साथ होने पर मौके पर दोनों संप्रदाय के लोग एकत्र हो गए। जो एक दूसरे को गाली गलौच कर मारपीट पर उतारू हो गए। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला तूल पकड़ता गया। बाद में मौके पर पहुंचे चेयरमैन झिंझाना हाजी सरफराज खां व दूसरे पक्ष से सरदार गुरदित्ता व विधायक थाना भवन सुरेश राणा आदि ने दोनों पक्षों को समझा कर शांत कर दिया।
वही, पुलिस ने घायलों को उपचार के लिये सीएचसी में भर्ती कराया गया है। उधर, इस मामले में थाना प्रभारी बीपीसिंह ने बताया की दोनों पक्षों से कोई तहरीर नहीं आई है। दोनों पक्षों में समझौते की बात सामने आ रही है।
गाड़ी के विवाद को लेकर पंचायत में मारपीट
झिंझाना। क्षेत्र के गांव औदरी में गाड़ी बेचने को लेकर चल रही पंचायत में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान दो घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। गांव औदरी निवासी हाकम ने सोमवार को थाना झिंझाना में तहरीर देकर बताया कि वह पुरानी गाड़ियों को बेचने का काम करता है।
रविवार को एक ग्राहक को पड़ोसी ने भगा दिया। जिसके चलते उससे बहस होने पर सोमवार को पंचायत बुलाई गई। पंचायत में ही दाउद और उसके भाई इकराम ने उसके पुत्र आरिफ व पुत्रवधू फरजाना को लाठी डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने घायलों को झिंझाना सीएचसी में उपचार दिलाने के बाद नामजद तहरीर थाना झिंझाना में दी है। उधर, थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है।