कांधला। इदरीशबेग विहार कालोनी निवासी व्यक्ति ने फायरिंग और लूट की सूचना देकर पुलिस को दौड़ा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस की जांच में मामला फर्जी निकला। जिसके चलते फर्जी सूचना देने वाले को पुलिस पकड़कर थाने ले आई। माफी मांगने पर उसे छोड़ दिया गया।
कस्बा कांधला स्थित इदरीश बेग बिहार कालोनी निवासी अब्बास उर्फ कालू ने मंगलवार रात पुलिस को सूचना दी कि आधा दर्जन बदमाशों ने उसके घर में घुसकर हमला कर दिया है और तीन लाख रुपये नकदी, सोने चांदी के आभूषण लूट लिए हैं। सूचना पर थाना प्रभारी नरेश कुमार ने टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि मोहल्ले के ही कुछ युवक उसके घर में घुस गए और उन्होंने तमंचे के बल पर उसके परिवार के लोगों को आतंकित करके घर में लूटपाट की। आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए जाते समय हवाई फायरिंग भी की। मामले में मोहल्ले के लोगों का नाम सामने आने पर प्रकरण को संदिग्ध मानते हुए पुलिस छानबीन में लग गई।
वहीं, इस मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि जिन लोगों का नाम अब्बास ने बताया, उनके साथ ही मोहल्ले के लोगों से वारदात के बारे में छानबीन की गई। मालूम हुआ कि दोनों पक्षों में कुछ दिनों पूर्व किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। तब पता चला कि लूटपाट नहीं हुई, बल्कि फर्जी सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस अब्बास को थाने ले आई।