झिंझाना। हरियाणा से डंपर चोरी कर यूपी में लेकर आए चालक को बिड़ौली चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान झिंझाना थाना पुलिस ने पकड़ लिया। चालक ने पूछताछ में चार अन्य ट्रक चोरी करना कबूल किया है।
हरियाणा के कस्बा साहा स्थित पेट्रोल पंप के बाहर खडे़ डंपर चोरी कर लिया गया था। डंफर मालिक ने करनाल के पुलिस अधीक्षक को इसकी सूचना दी थी। उन्होंने शामली पुलिस को सूचना देकर चेकिंग कराने के लिए कहा। इसके बाद झिंझाना थाना पुलिस बिड़ौली चेकपोस्ट पर चेकिंग में लग गई। तभी करनाल की तरफ से आते डंफर रोकने का इशारा किया, तो चालक वाहन छोड़कर भागने लगा।
घेराबंदी कर पुलिस ने चालक को पकड़ लिया। डंपर पकड़े जाने की सूचना पर अंबाला निवासी परमदीप सिंह भी बिड़ौली चेकपोस्ट पर पहुंच गए। बताया कि उक्त वाहन शनिवार सुबह लगभग दो बजे कस्बा साहा स्थित पेट्रोल पंप से चोरी हो गया था।
एसएसआई सतपाल सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी मनोहर लाल सहारनपुर के कस्बा सरसावा का रहने वाला है। पूछताछ में मालूम चला है कि वह इससे पूर्व भी कई ट्रक चोरी कर चुका है, जिन्हें उसने मेरठ में कबाड़ी को बेच दिया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को जेल नहीं भेजा है, उससे पूछताछ की जा रही है।