झिंझाना। गांव डेरा भगीरथ में दो माह पूर्व हुई युवक की हत्या के मामले में पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पति को रिमांड पर लेकर पुलिस ने पिस्टल बरामद की है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
एक जून को गांव डेरा भगीरथ निवासी जीत सिंह की घर में सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जीत सिंह की मां मंगती ने पांच युवकों को नामजद किया था। जिनमें से रोजू और सुमेर को चेन्नई पुलिस ने चेन स्नैचिंग करते हुए पकड़कर जेल भेज दिया था। इसी मामले में नामजद पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पति प्रीतम ने आठ अगस्त को न्यायालय में सरेंडर कर दिया।
जिसको पुलिस ने शुक्रवार को कस्टडी रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर गांव खानपुर कला से .32 बोर की पिस्टल और कारतूस बरामद है। थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि प्रीतम सिंह को न्यायालय के आदेश पर 24 घंटे की कस्टडी रिमांड पर लिया गया था।
इसके अलावा प्रीतम सिंह पंजाब और चेन्नई से भी चेन स्नैचिंग में वांछित चल रहा था। मामले में नामजद आरोपी राकेश और पिंकू निवासी खानपुर कला अभी फरार चल रहे हैं। इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास किया जा रहा है।
दो बार हुआ था जीत पर हमला
झिंझाना। डेरा भगीरथ निवासी जीत सिंह पर दो बार जानलेवा हमला हुआ। तीन महीना पूर्व जब वह अपनी साली के साथ घर में बैठा खाना खा रहा था, तो तीन बदमाशों ने उन दोनों पर फायरिंग कर दी थी। हमले में जीत सिंह की साली मर गई थी, जबकि जीत को पेट में गोली लगी थी। एक माह उपचार कराकर ठीक होने पर वह गांव में लौटा, तो एक जून को फिर से उस पर हमला हुआ और जीत की हत्या कर दी गई।