कैराना। कुख्यात बदमाश मुकीम काला व उसके साथी साबिर की मंगलवार को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेशी हुई। लूट व हत्या के मामलों में कैराना व शामली पुलिस ने दो वारंट तामील कराए, जिन पर मंगलवार को मुकीम की पेशी हुई। इस दौरान कचहरी परिसर छावनी में तब्दील रही।
कैराना पुलिस ने वर्ष 2012 में खुरगान में हुई हत्या के मामले में पेश नहीं होने पर मुकीम काला के वारंट तामील कराए। इसके अलावा शामली पुलिस ने भी शराब ठेके पर हुई लूट के मामले में वारंट तामील कराए। इसके चलते मंगलवार को मुकीम काला व उसके साथी साबिर को कैराना कोर्ट में पेश किया गया। यहां करीब पौने 12 बजे अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विजय वर्मा की कोर्ट में दोनों कुख्यात बदमाशों को पेश किया गया।
दस मिनट की अदालती कार्यवाही के बाद दोनों बदमाशों को मुजफ्फरनगर जेल भेज दिया गया। पीएसी के घेरे में मुुकीम काला की पेशी हुई। कोतवाली प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि मुकीम काला व उसके साथी साबिर को हत्या व लूट में पेश नहीं होने पर अदालत में तलब कराया गया है। वहीं, मुकीम काला के छोटे भाई वसीम का पुलिस ने डोडा तस्करी सहित नौ गंभीर मामलों में चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सोमवार को पुलिस ने लूट की कार समेत मुकीम के छोटे भाई वसीम को दस किलो डोडा के साथ गिरफ्तार किया था। कोतवाली प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि वसीम निवासी जहानपुरा ने पूछताछ के दौरान कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में हुई कई लूट की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूली है।
पुलिस ने वसीम की निशानदेही पर लूट के के साढ़े 22 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। मंगलवार को वसीम का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया। उधर, मुकीम काला और साबिर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब जहानपुरा में दबिश डालने में लगी है।
चार दिन पहले जहां पुलिस ने अलीपुर और जहानपुरा के जंगल से मुठभेड़ के बाद मुकीम के दो साथियों को गिरफ्तार किया था। वहीं सोमवार को पुलिस ने जहानपुरा रोड से मुकीम के भाई वसीम को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस मुकीम के परिवार के लोगों और रिश्तेदारों को चिह्नित करने में जुटी है।