मुजफ्फरनगर। खालापार इलाके में युवक की घर से बुलाकर दोस्तों ने ही गोली मारकर हत्या कर दी। तसल्ली के लिए परिजन लाश को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टर के नहीं मिलने पर भीड़ उग्र हो गई। गुस्साई भीड़ ने तोड़फोड़ की। पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत किया और शव कब्जे में लिया। पुलिस ने तहरीर पर चार युवकों के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक पैसों के लेनदेन के विवाद में घर से बुलाकर युवक की हत्या की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत खालापार इलाके के दक्षिणी खालापार निवासी राशिद (24) उर्फ अल्लारक्खा पुत्र अनवार की दक्षिणी खालापार के मुजम्मिल, मुन्ना और शहीद चौक निवासी साजिद व आसिफ से दोस्ती थी। सोमवार रात करीब 12 बजे गोली की आवाज सुनकर लोग दौड़कर पहुंचे। घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर राशिद तड़पता हुआ मिला। सिर में गोली लगने से शरीर खून से लथपथ था। इस दौरान परिजन पहुंच गए। परिजन और आसपास के लोग राशिद को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर के नहीं मिलने पर भीड़ उग्र हो गई। चिकित्सा कक्ष में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
हत्या के बाद हंगामे की खबर पर पुलिस पहुंची। सीओ सिटी जोगेंद्र लाल सिविल लाइंस थाना प्रभारी चंद्रकिरण यादव मौके पर पहुंचे। डॉक्टर ने राशिद के काफी देर पहले ही मरने की जानकारी दी। लोगों ने डॉक्टरों पर कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और हत्यारोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों की तरफ से तहरीर देकर मुजम्मिल, मुन्ना, साजिद, आरिफ पर राशिद की हत्या करने का आरोप लगाया गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ के लिए तीन युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक राशिद का चारों दोस्तों से करीब एक लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में राशिद की हत्या की गई है। छानबीन में पता चला है कि साजिद ने राशिद के घर पर आकर आवाज दी। इसके बाद राशिद को बुलाकर ले गया था। पुलिस ने दबिश देकर तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे केस के बारे में पूछताछ की जा रही है। चमन सिंह चावड़ा ने कहा कि जल्द ही सभी आरोपी पकड़ लिए जाएंगे। पुलिस की छानबीन में यह बात भी सामने आई है कि राशिद को बुलाने के बाद आरोपियों और राशिद के बीच हाथापाई हुई।