शामली। मोहल्ला विश्वकर्मा नगर में चोरों ने रविवार रात एक व्यापारी के यहां करीब 15 लाख रुपये की चोरी कर ली। जाग होने पर व्यापारी और उसके पुत्र ने शोर मचाया तो चोर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए घटना की जानकारी ली।
रविंद्र संगल निवासी मोहल्ला विश्वकर्मा नगर परचून व्यापारी है। रविंद्र के अनुसार रविवार रात वह परिवार के साथ कमरे में सो रहा था। उसी दौरान उसे कुछ आवाज सुनाई दी, तो रविंद्र और उसका पुत्र जाग गए। उन्होंने कुछ लोगों को देखा तो दोनों ने शोर मचा दिया। शोर-शराबा होने पर चोर मौके से फरार हो गए। रविंद्र ने अपने घर में रखे सामान की जांच की तो उसे अलमारी में रखे करीब एक लाख 70 हजार रुपये नगद, एक लैपटॉप और मोबाइल गायब मिले। इसी के साथ करीब 10 लाख रुपये से अधिक के जेवरात भी गायब मिले।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी सतीश राय मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की तथा घटनास्थल का मुआयना किया। मामले में रविंद्र संगल की ओर से
तहरीर दी गई है, पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रविंद्र संगल ने बताया कि चोर उसके मकान में मेन गेट से घुसे थे। अंदर से दिया गया कुंडा उन्होंने लोहे की रॉड और हाथ डालकर खोल लिया था। उधर, कोतवाली प्रभारी सतीश राय ने बताया कितहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना के खुलासे का प्रयास किया जाएगा।
दुकान का शटर तोड़कर चोरी
जलालाबाद। नया बाजार स्थित गय्यूर अली खान मार्केट में राजेश पाल की जनरल स्टोर की दुकान है। सोमवार सुबह जब राजेश दुकान खोलने पहुंचे, तो चोरी का पता लगा। बताया कि उनकी दुकान का शटर उखाड़कर चोरों ने 50 हजार से अधिक रुपये की वरमाला, जनरल प्रयोग होने वाले सामान, 10 हजार रुपये की नकदी सहित करीब एक लाख रुपये की चोरी कर ली गई। घटना की सूचना पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। जलालाबाद चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पीड़ित व्यापारी ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष उपेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष माजिद मलिक, महामंत्री रशीद चौधरी, राकेश पाल, प्रदीप कुमार, राजेश कुमार, नीरज पाल, असलम आदि ने खुलासे की मांग की है।