कांधला । व्यापारी आदेश सैनी शुक्रवार सुबह 10 बजे कहकर गया था कि रुड़की जा रहा हूं, शाम तक लौट आऊंगा। शुक्रवार सुबह उसकी मौत की खबर परिजनों को मिली, जिससे पूरा परिवार गम में डूब गया। पोस्टमार्टम के बाद आदेश का शव शाम को कांधला पहुंचा, तो कोहराम मच गया।
मोहल्ला मिर्दगान निवासी आदेश सैनी (45) पुत्र धर्मपाल सैनी की मौत की जानकारी शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुई। रेलवे रोड स्थित उनकी पेस्टीसाइड की दुकान को खोलने के लिए नौकर सत्तार दुकान पर पहुंचा और आदेश सैनी के मोबाइल पर कॉल की। तब कॉल रिसीव नहीं हुई, मगर कुछ देर बाद वापस कॉल आई और बागपत के रमाला थाने के पुलिसकर्मियों ने बताया कि आदेश सैनी का शव पड़ा मिला है।
सत्तार ने यह जानकारी आदेश के पिता और उनकी पत्नी को दी, जिसके बाद परिवार के लोग बागपत रवाना हो गए। वहां पता चला कि बदमाशों ने गोलियां बरसाकर आदेश सैनी की हत्या कर दी है। इसके बाद परिवार के लोग बागपत रवाना हो गए। उधर, पोस्टमार्टम के बाद आदेश सैनी का शव शाम को कांधला पहुंचा, तो परिवार में कोहराम मच गया।
पारिवारिक स्थिति ः आदेश सैनी के परिवार में उसके पिता धर्मपाल सैनी, मां राजबाला सैनी, पत्नी बबीता, बेटी आयुषी (21) और हिमांशी (18) तथा बेटा केशव (11) है। बड़ी बेटी देहरादून में रहकर कोचिंग कर रही है, तो छोटी बेटी यमुनानगर से बीए कर रही है। बेटा केशव कांधला में ही पढ़ रहा है। इसके अलावा छोटा भाई तरुण उर्फ सोनू सैनी भी कारोबार में हाथ बंटाता है। तरुण सैनी की पत्नी सीता नगर पालिका परिषद कांधला की वर्तमान सभासद हैं।
आदेश की कारोबारी स्थिति ःकांधला में रेलवे रोड पर बालाजी ट्रेडर्स के नाम से पेस्टीसाइड की दुकान है। मंडी में बालाजी फर्म के नाम से फलों की आढ़त है। कांधला और शाहपुर में प्रापर्टी डीलिंग का काम होने के साथ ही शाहपुर के गांव शाह डब्बर में रमाला निवासी किसी युवक की साझेदारी में ईंट भट्टा लगाया हुआ था। आदेश का एक मकान रुड़की में भी है। यह संपत्ति कई करोड़ रुपये की बताई गई है।
लूट, रंगदारी मामले में एफआर पर सवाल
कांधला/शामली। तीन साल पूर्व तीन बदमाशों ने आदेश सैनी की पेस्टीसाइड की दुकान पर पहुंचकर कहर बरपाया था। हथियारों के बल पर गल्ले में रखी नकदी लूट ली थी और दो लाख रुपये रंगदारी की मांग की थी। वारदात में मुकीम काला गैंग का हाथ बताया जा रहा था, रिपोर्ट अज्ञात में दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने उस मामले को दफन कर दिया और फाइनल रिपोर्ट लगा दी।
कांधला के मोहल्ला मिर्दगान निवासी आदेश सैनी की रेलवे रोड स्थित पेस्टीसाइड की दुकान पर 27 सितंबर 2014 की शाम करीब पौने सात बजे तीन अज्ञात बदमाश पहुंचे थे। हथियारों से आतंकित करके बदमाशों ने दुकान के गल्ले में से 30 हजार रुपये लूट लिए थे तथा दो लाख रुपये रंगदारी की डिमांड की थी। वारदात के संबंध में आदेश सैनी के भाई तरुण सैनी ने 28 सितंबर की दोपहर कांधला थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसके बाद आदेश सैनी के परिवार ने असुरक्षा महसूस करते हुए पुलिस सुरक्षा मांगी थी, तो करीब 15 दिन तक उन्हें पुलिस सुरक्षा मिल गई थी, लेकिन उसके बाद सुरक्षा हटा ली गई थी। इसके बाद पुलिस ने उक्त केस में 19 जुलाई 2015 को पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट ही लगा दी। सवाल उठता है कि सरेआम लूटपाट की और रंगदारी की धमकी दी, तो फिर फाइनल रिपोर्ट क्यों लगा दी गई।