कांधला। प्राइवेट स्कूल में विकलांग छात्र जूते की जगह सैंडल पहनकर चला गया। इस पर गुस्साई अध्यापिका ने छात्र को यातना दी और उसकी सैंडल गले में डालकर अपमानित किया। पीड़ित छात्र के परिजनों ने कांधला थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोपी अध्यापिका के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की है।
शनिवार को गांव भभीसा निवासी वीरेन्द्र सिंह ने अन्य लोगों के साथ कांधला थाने पहुंचकर तहरीर दी। वीरेंद्र ने बताया कि उसके दो पुत्र गांव डांगरोल के समीप एक स्कूल में पढ़ते हैं। बड़ा बेटा तन्मय विकलांग है, जो कक्षा 3 में पढ़ता है। कई दिन से तन्मय के पैर में चोट लगी थी, जिस कारण शनिवार को वह जूते के स्थान पर सैंडल पहनकर स्कूल चला गया। आरोप है कि अध्यापिका ने जूते पहनकर नहीं आने पर नाराजगी जताई और सैंडल उतरवाकर छात्र के गले में पहना दिया।
आरोप है कि छात्र को स्कूल में घुमाया भी गया। मानसिक प्रताड़ना से छात्र की हालत खराब हो गई। छात्र ने घर जाकर परिजनों को घटना बताई। जिससे क्षुब्ध होकर पिता वीरेंद्र ने छात्र सहित थाने जाकर पुलिस को शिक्षिका व अन्य स्टाफ के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई कराने की मांग की। थानाध्यक्ष अनुराधा सिंघल का कहना है कि तहरीर मिली है। उधर, मामले में स्कूल प्रधानाचार्य नीलम तोमर से संपर्क किया गया, लेकिन उनके दोनों मोबाइल नंबरों में से किसी पर भी जवाब नहीं मिला। उनके मोबाइल नंबर पर एसएमएस भी भेजा गया।