कैराना। आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने छत के रास्ते मकान के अंदर घुसकर परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली।
एक घंटे तक रहे बदमाशों ने पूरे घर को खंगाल डाला और नगदी, सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना को संदिग्ध बताया।
शामली रोड पर राजेंद्र कॉलोनी में राहुल अपनी मां राजवती और पत्नी पूजा व दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता है। उसने बताया कि बुधवार रात करीब दो बजे नौ नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते मकान के अंदर घुस आए। बदमाशों ने हथियारों के बल पर पूरे परिवार को बंधक बना लिया।
विरोध करने पर बदमाशों ने परिजनों के साथ मारपीट की और मां राजवती व पत्नी पूजा को कमरे में बंद कर दिया। बदमाश दो तौला सोने और 40 तोला चांदी के जेवर सहित 20 हजार की नगदी लूट ले गए। बदमाशों के जाने के बाद दहशतजदा परिजनों ने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस पहुंची और मौका मुआयना किया। जिसके बाद पुलिस लौट गई। कोतवाली प्रभारी एमएस गिल ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। मामला संदिग्ध लग रहा है, तहरीर अभी तक नहीं मिली है।