फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डेढ घंटा धरना देने के बाद किया गया अंतिम संस्कार

Thu, 14 Dec 2017 11:26 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/ शामली
विज्ञापन
शामली जिले के कांधला क्षेत्र के गांव गढी़श्याम में धरनारत ग्रामीणों से वार्ता करता पुलिसकर्मी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शामली के कांधला में पोस्टमार्टम होने के बाद बृहस्पतिवार को छात्रा सोनी का शव गांव गढ़ी श्याम में पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद, परिवारीजन श्मशान घाट ले जाकर शव चिता पर रखने के बाद लोगों ने अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया। आरोपी के साथ ही हत्या की साजिश रचने वालों की गिरफ्तारी, लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की गई। करीब डेढ़ घंटे तक ग्रामीण धरना देकर बैठे रहे। बाद में एसडीएम कैराना, सीओ और विधायक प्रतिनिधि ने हरसंभव मदद का भरोसा दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार को सुबह करीब 11 बजे सर्वसमाज से सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार के लिए छात्रा का शव श्मशान घाट ले जाया गया। वहां पहुंचने के बाद शव को चिता पर रखने के बाद चाचा सेठपाल ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया और परिजनों के साथ श्मशान स्थल पर ही धरना पर बैठ गया। परिवार के लोगों का कहना था कि वारदात से करीब दो माह पूर्व जिन लोगों ने फैसला कराया था, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उस समय पुलिस कर्मी फैसले का दबाव बना रहे थे, उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। इसके साथ ही हत्या की साजिश में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कराया जाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाई जानी चाहिए। इस दौरान गंगेरू पुलिस चौकी इंचार्ज लोगों के बीच पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें भी अपने बीच बैठा लिया।

इसी दौरान भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल के प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचे भाजपा नेता नरेश सैनी ने लोगों को बताया कि सरकार से पीड़ित परिवार को पूरी मदद दिलाई जाएगी। इसके बाद सीओ कैराना ने भी परिवार के लोगों को समझाने का प्रयास किया और बताया कि हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। परिवार के लोग अपनी मांगो पर अड़े रहे। इसके बाद एसडीएम कैराना विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के लिए शासन को चिट्ठी भेजी जाएगी तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। एसडीएम के आश्वासन के बाद परिवार के लोगों ने धरना समाप्त कर किया और सोनी का अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि सोनी के तहेरे भाई अमित ने दी।
विज्ञापन


हत्यारोपी की प्रेम कहानी को परिजनों ने झूठी बताया
कांधला। छात्रा सोनी हत्याकांड के खुलासे में हत्यारोपी अमरपाल की बातों से परिवारीजन आहत हैं। पिता बीरसैन का कहना है कि आरोपी ने हमारी बेटी को जिंदा रहते भी सताया और अब मरने के बाद भी हमारे परिवार को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। छात्रा के पिता बीरसैन का कहना है कि आरोपी अमरपाल ने जो कहानी सुनाई है, वह झूठी है। वह बेटी के साथ अक्सर छेड़छाड़ करता था। लोकलाज के भय की वजह से तब खुलकर विरोध नहीं कर पाते थे। दो महीना पूर्व की घटना पर बीरसैन ने कहा कि यदि उस समय गांव के लोगों की बात नहीं मानते और फैसला नहीं करते, तो शायद आज यह दिन देखने को नहीं मिलता।

नाराजगी जताई
कांधला। धरने पर बैठे लोगों ने कहा कि जब गरीब की बेटी सुरक्षित नहीं है तो उन्हें पढने के लिए कौन भेजेगा। वैसे ही गरीब के घर तो खाने के लाले रहते हैं, जैसे तैसे अपने बच्चों को पढ़ा लिखा कर कुछ बनाने की सोचते हैं तो जालिम ऐसा नहीं होने देते। पुलिस के पास भी सुनवाई नहीं है। वहां पर भी गरीब को हर तरह से दबाया जाता है।
विज्ञापन


 समय के साथ घटनाक्रम ---
3:30 बजे तड़के छात्रा का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव में पहुंचा।
7:30 बजे सुरक्षा के चलते गांव में पुलिस बल पहुंच गया।
8:30 बजे अंतिम संस्कार की बात पर परिजनों ने मना कर दिया।
9: 15 बजे पुलिस ने छात्रा के तहेरे भाई अमित को थाने ले जाकर चर्चा की
10:20 बजे छात्रा की बहन पूनम गांव में पहुंची और रोते रोते बेहोश हो गई
10:51 कॉलेज छुट्टी करने के बाद गांव में सोनी के घर पहुंचा
11:10 बजे छात्रा का शव श्मशान घाट ले जाया गया
11:27 बजे सोनी के परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए शव चिता पर रखा
11:38 बजे अपनी मांगो ंको लेकर परिजनों ने श्मशान स्थल पर धरना शुरू किया
11:54 बजे परिजनों और ग्रामीणों ने गंगेरू चौकी इंचार्ज को धरने पर बैठा लिया
12:10 बजे विधायक प्रतिनिधि के तौर पर भाजपा नेता नरेश सैनी पहुंचे
12:35 बजे सीओ कैराना राजेश तिवारी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया
12:52 एसडीएम कैराना ने आर्थिक सहायता और कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया
12:55 पर छात्रा सोनी का अंतिम संस्कार किया गया
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें