शामली/बाबरी। तीन दिन से अपहृत युवती का सुराग नहीं लगने पर गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव करते हुए हंगामा किया। इस दौरान युवती के पिता ने थाने में अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल लिया और आत्मदाह का प्रयास किया। जिससे पुलिस के हाथ पांव फूल गए। सूचना पर पहुंचे सीओ ने दो दिन में युवती की बरामदगी का आश्वासन देते हुए मामला शांत किया।
बाबरी के गांव हाथी करौदा से 18 मई को एक युवती लापता हो गई थी। परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन तीन दिन बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार रात पुलिस ने एक युवक के रिश्तेदार को पकड़ लिया, लेकिन बाद में छोड़ दिया।
उधर, परिजनों को पुलिस ने युवती की रविवार 12 बजे तक बरामदगी का आश्वासन दिया था, वह समय भी पूरा हो गया। जिसके बाद रविवार दोपहर ग्रामीण थाने में पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान लड़की के पिता ने बंतखेड़ा चौकी इंचार्ज बाबूराम के आवास के सामने जाकर अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल लिया।
यह देखकर लड़की की दादी बेहोश हो गई और पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस ने अरविंद के हाथ से तेल की केन छीन ली और उसे समझाया।
मामले की सूचना पर थानाभवन, शामली, गढ़ीपुख्ता सहित कई थानों की फोर्स को लेकर सीओ थानाभवन सुनील त्यागी भी पहुंच गए। ग्रामीणों की सीओ के साथ तीखी नोकझोंक हुई। सीओ ने युवती की बरामदगी के लिए दो दिन का समय मांगा। जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। सीओ सुनील त्यागी का कहना है कि लड़की की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।