इंग्लैंड जाने की चाहत में शहर की अग्रसेन कॉलोनी में रहने वाला एक युवक लाखों रुपये की ठगी का शिकार हो गया। युवक को इंग्लैंड में नौकरी दिलवाने नाम पर सिरसा के प्रेम नगर निवासी पिता-पुत्र ने 15 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर प्रेम नगर की गली नंबर एक निवासी नितिन वलेचा व उसका पिता केवल नयन वलेचा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
अग्रसेन कॉलोनी गली नंबर नौ निवासी मनोज भारद्वाज का भतीजा वंशदीप भारद्वाज फरवरी 2014 में युगांडा चला गया था। वह युगांडा में एक होटल में नौकरी करता है। वंशदीप भारद्वाज की सिरसा के प्रेम नगर निवासी नितिन वलेचा से पुरानी पहचान थी। दोनों के बीच अक्सर फोन पर बातचीत होती। एक दिन नितिन ने वंशदीप को फोन करके कहा कि तुम्हारे परिवार में कोई इंग्लैंड जाने का इच्छुक है तो उसे बताना, इंग्लैंड में एक कंपनी में उसकी नौकरी लगवा देगा। इसके बदले में 15 लाख रुपये लगेंगे। वंशदीप ने मनोज भारद्वाज से फोन पर बात की। मनोज ने इंग्लैंड जाने की इच्छा जताई और इंग्लैंड भेजने के बदले 15 लाख रुपये देने को तैयार हो गया। नितिन वलेचा ने मनोज को फोन करके कहा कि उसके पिता केवल नयन वलेचा के पास जाकर पहले तीन लाख 67 हजार रुपये जमा करवा दो। इसके बाद कभी तीन-तीन लाख तो कभी दो लाख रुपये मनोज भारद्वाज ने केवल नयन वलेचा के आईसीआईसी बैक मैन ब्रांच, सिरसा में खुले खाते में जमा करवा दिए। 15 लाख रुपये नितिन व उसके पिता केवल नयन को देने के बाद उक्त लोगोें ने मनोज से कहा कि एक महीने में उसे इंग्लैंड भेज देंगे।
एक महीना बीत जाने के बाद आरोपियों ने उसे कहा कि इंग्लैंड भेजना मुश्किल है। मनोज भारद्वाज ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी पिता-पुत्र टालमटोल करने लगे और अपने मोबाइल नंबर बंद कर दिए। मनोज का कहना है कि जब वह आरोपियों के घर गया तो उन्होंने उसे कहा कि हमने उसे ठगने की साजिश रची थी, जो ठगना था वो ठग लिया। जो बिगाड़ना है बिगाड़ ले उनका। विदेश जाने की चाह में 15 लाख की ठगी का शिकार मनोज भारद्वाज पुलिस अधीक्षक सतेंद्र गुप्ता से मिला और अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस अधीक्षक ने सिटी थाना पुलिस को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। शहर थाना पुलिस ने आरोपी नितिन व उसके पिता केवल नयन वलेचा के खिलाफ धेखाधड़ी का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।