कैराना। कैराना में रंगदारी मांगे जाने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह एक किसान के घर में बीस लाख की रंगदारी की चिट्टी पड़ी मिली है। पीड़ित ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कैराना कोतवाली के गांव गोगवान निवासी मतलूब खेती करते हैं। बताया जाता है कि सोमवार की सुबह जाग होने के बाद उसने अपने घर का शटर खोला तो उसे वहां पर एक पत्र पड़ा मिला। उस वक्त को मतलूब ने उसे उठाकर बैठक में रख दिया। बाद में पशुओं का दूध निकालने के बाद उसने पत्र पढ़ा। चिट्टी में मतलूब से बीस लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है।
रंगदारी मांगने वाले ने चिट्ठी में बंदूक का निशान भी बनाकर भेजा है। रंगदारी मांगने वाले वाले ने सात अक्टूबर तक खेत में रुपये भेजने की बात कही है। चिट्ठी मिलने से मतलूब के परिजनों में हड़कंप मच गया। कुछ देर बाद ही मतलूब कोतवाली में पहुंचा और वहां पर कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज से शिकायत की। जिस पर पुलिस ने प्रकरण की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। उधर, सीओ भूषण वर्मा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दहशत फैलाने के लिए यह किसी शरारती तत्व की हरकत भी हो सकती है। सच्चाई पता लगने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।