शामली। सालों से फरार चल रहा इनामी बदमाश जोगेंद्र उर्फ लाला को थाना आदर्श मंडी पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। एसपी शामली ने कोतवाली में मामले की जानकारी दी।
रविवार रात थाना आदर्श मंडी पुलिस और एसओजी शामली को सूचना मिली कि भिक्की मोड़ मुजफ्फरनगर रोड के पास एक बदमाश है। सूचना पर पुलिस ने उसको घेर लिया। इसी दौरान पुलिस और बदमाश की मुठभेड़ हो गई। बाद में पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया बदमाश 15 हजार का इनामी वांछित अभियुक्त जोगेंद्र उर्फ लाला पुत्र हरपाल निवासी गांव जागाहेड़ी थाना तितावी मुजफ्फरनगर है।
पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस नाल में फंसा बरामद होने का दावा किया है। सीओ सिटी आफिस पर आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी शामली विजय भूषण ने बताया कि पकड़ा गया जोगेंद्र शातिर किस्म का अपराधी है। इसके द्वारा छह साल पूर्व जागाहेड़ी में धीर सिंह की हत्या कारबाइन एवं पिस्टल की गोलियां बरसाकर की गई थी। यह घटना प्रमोद राठी गांव गांगड़ौली (मृतक) 02 लाख रुपये का ईनामी, अमित सद्दाम (मृतक) 50 हजार का ईनामी एवं रवि निवासीगण गांगड़ौली थाना दोघट, जनपद बागपत के साथ मिलकर की गई थी।
इसके बाद जोगेंद्र फरार हो गया था। वह विनोद बावला गैंग के साथ मिलकर अपराध में सक्रिय रहा। विनोद बावला के जेल जाने के उपरांत प्रमोद राठी गैंग में सक्रिय सदस्य की भूमिका निभाते हुए विभिन्न अपराधों में संलिप्त रहा। वर्तमान में अभियुक्त जोगेंद्र उक्त अपने ही गांव में हत्या करने के उद्देश्य से बलराज भाटी गैंग से जुड़कर हत्या करने की फिराक में था।
बबलू और मीणा थे निशाने पर
जोगेंद्र ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह गांव के ही बबलू और मीणा की हत्या की फिराक में था। छह साल से ही दोनों युवकों से इसकी रंजिश चल रही है, कई बार हमले का प्लान बनाया गया था, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाया। अब दोबारा फिर वह इसकी फिराक में था, लेकिन पकड़ा गया। पुलिस ने इसके खिलाफ रविवार को धारा 307 और 25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा पूर्व में भी इसके खिलाफ थाना तितावी में भी कई मुकदमा दर्ज हैं।