शामली। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार को शहर में विभिन्न स्थानों पर दुपहिया वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान चालान काटने को लेकर पुलिस व बाइक सवारों के बीच नोकझोंक भी हुई।
बुधवार को शामली कोतवाली पुलिस, आदर्श मंडी व अन्य थानों की पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। शहर के शिव चौक, हनुमान रोड, फव्वारा चौक, अजंता चौक, विजय चौक आदि स्थानों पर वाहन चेकिंग कराई गई।
इसी दौरान वीवी इंटर कॉलेज रोड पर पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार दो युवकों को रोका और हेलमेट न होने पर चालान करने लगे। इस पर युवक ने कहा कि कानून का पालन मनमाने ढंग से क्यों करते हो, क िसी को छोड़ रहे हो किसी को जाने देते हो।
नियम सभी के लिए बराबर होने चाहिए। इस पर पुलिसकर्मियों से उसकी कहासुनी भी हो गई। बाद में युवक वहां से चला गया। उधर, आदर्श मंडी थाना पुलिस ने एसटी तिराहा, टिटौली पुलिस चौकी और सिक्का चौकी पर वाहन चेकिंग कराई।
चेकिंग अभियान में 30 बाइकों के चालान काटे तथा जुर्माना वसूल किया गया। चेकिंग अभियान से यातायात नियम तोड़ने वाले दुपहिया वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।