कैराना। सराफा व्यापारी से दो लाख की रंगदारी मांगने के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस व एसओजी फुरकान का पता नहीं लगा पाई। वहीं, कुख्यात फुरकान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस व एसओजी की टीम लगातार क्षेत्र में दबिश देती रही, लेकिन उसका पता नहीं लगा सकी। वहीं, कस्बे के बाजारों में पुलिस पूरे दिन सुरक्षा के मद्देनजर गश्त करती रही।
शुक्रवार की सुबह 11 बजे मोहल्ला आलकलां निवासी कुख्यात फुरकान बाइक द्वारा सराफा बाजार में रामअवतार की दुकान पर पहुंचा था। फुरकान ने रामअवतार से दो लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी।
इसके बाद कस्बे के व्यापारियों में दहशत फेल गई थी। रविवार को व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखते हुए भाजपा सांसद हुकुम सिंह से व्यापारियों को सुरक्षा दिलाए जाने व आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। मामले में पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस केवल फुरकान के रिश्तेदारों व जमानतियों को ही जेल भेज पाई।
वहीं, फुरकान को पकड़ने के लिए एएसपी अनिल कुमार झा के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच सहित छह टीमें लगातार दबिश डाल रही है, लेकिन फुरकान के बारे में पुलिस कोई सफलता हासिल नही कर सकी। इसके साथ ही मंगलवार को पूरे दिन फुरकान के बागपत जिले में पकडे़ जाने की अफवाह पूरे जोरों पर रही। वहीं. फुरकान की फरारी के चलते कस्बे के चौक बाजार, जोडिया कुआं, सराफा बाजार, पुराना बाजार में पुलिस व पीएसी के जवान पुरे दिन गश्त करते नजर आए। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि फुरकान को पकड़ने के लिए टीमें क्षेत्र में लगातार दबिश डाल रही है।