पवई थाना क्षेत्र के भयचकिया गांव में सोमवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के सिर में चोट के निशान पाए गए। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
भयचकिया गांव में मंगलवार की सुबह नीलम पांडेय (40) पत्नी हरिनाथ पांडेय का शव उसके कमरे में मिला। उसके सिर में चोट के गहरे निशान थे। घटना की सूचना मिलने पर जौनपुर के खुटहन थाना क्षेत्र के बूढ़ानपुर गांव निवासी उदयराज मिश्र बेटी की ससुराल पहुंचे, जहां उन्होंने खून से लथपथ बेटी की लाश देखी। इसके बाद उन्होंने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नीलम के पिता ने हरिनाथ और उसके भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा थाने में दर्ज कराया।
सीओ फूलपुर एसके सिंह ने बताया कि पति-पत्नी में काफी दिनों से विवाद चल रहा था।
किसी बात को लेकर दोनों में रात में विवाद हुआ तो पति के नीलम को धक्का दे दिया जिससे वह गिर पड़ी और सिर घर में चलने वाली आटा चक्की के पट्टे में आ गया और उसकी मौत हो गई। नीलम के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।