शामली। शहर के मोहल्ला पंसारियान में सतीवाला मंदिर रोड पर कांशीराम आवासीय कॉलोनी के लिए आवंटित भूमि पर श्मशानघाट का बोर्ड लगने पर लोगों में गुस्सा है। लोगों ने प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी का इजहार किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बोर्ड लगने की वजह से शवों का दाह संस्कार शुरू हो गया है, जिससे आसपास इलाके में रहने वालों को परेशानी हो रही है। आरोप है कि नगर पालिका चेयरमैन अपने राजनीतिक हित के लिए श्मशान घाट बनवाना चाहते हैं।
सोमवार को मोहल्ला पंसारियान सतीवाला मार्ग तथा मुंडेट गांव के लोगों ने नगर पालिका परिषद के चेयरमैन के खिलाफ हंगामा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेयरमैन का पुतला दहन किया। लोगों ने अपर जिलाधिकारी को भेजे शिकायती पत्र में कहा कि खसरा नंबर 601, 603 और 604 राजस्व अभिलेखों में बंजर भूमि दर्ज है। उक्त भूमि दिसंबर 2011 में कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के तहत आवास निर्माण के लिए आरक्षित की गई थी।
मार्च 2012 में यह आदेश अभिलेखों में भी दर्ज हो चुका है। बावजूद इसके नगर पालिका परिषद ने उक्त भूमि पर श्मशान घाट का बोर्ड लगा दिया, जिसके चलते लोगों ने वहां शवों का दाह संस्कार शुरू कर दिया है। दाह संस्कार के कारण आसपास के खेतों में चिंगारी पहुंचने से आग लगने की आशंका बनी हुई है।
आरोप है कि नगर पालिका चेयरमैन चुनाव को ध्यान में रखकर अपने हित के लिए उक्त भूमि पर श्मशान घाट बनवाना चाहते हैं, जिससे आसपास इलाके के लोगों को परेशानी हो रही है। उनकी मांग है कि उक्त भूमि से श्मशान घाट का बोर्ड हटवाया जाए तथा शवों का दाह संस्कार बंद कराया जाए। प्रदर्शनकारियों में तेजपाल, जयपाल, सहसपाल, राजबीर, भोपाल, बोबी सैनी, रमेश सैनी, मुकेश सैनी, मांगेराम आदि मौजूद रहे।