शामली/चौसाना। डीएम के आदेश पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चौसाना में क्लीनिक और मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर उन्हें सील कर दिया। इनके अवैध रूप से चलने की शिकायत की गई थी। कार्रवाई के दौरान संचालक मौके से फरार हो गया। टीम ने आज सुबह दस बजे तक अपने कागजात सक्षम अधिकारी के सामने प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम सुजीत कुमार से चौसाना में अवैध रूप से चलाए जा रहे क्लीनिक की शिकायत की गई थी। इसी के चलते उनके निर्देश पर टीम का गठन किया गया। टीम में डिप्टी कलक्टर रामअवतार गुप्ता, एसीएमओ डॉ. अरविंद कुमार अग्रवाल, ड्रग इंस्पेक्टर शामली मनु शंकर अग्रवाल, ड्रग इंस्पेक्टर सहारनपुर अनामिका अंकुर जैन, ड्रग इंस्पेक्टर मुजफ्फरनगर राजेश कुमार को शामिल किया गया।
सोमवार को टीम ने चौसाना पहुंचकर अजय क्लीनिक पर छापा मारा, लेकिन इससे पूर्व ही क्लीनिक संचालक क्लीनिक को बंद कर मौके से फरार हो गया। टीम ने वहां मौजूद लोगों से इस संबंध पूछताछ की, लेकिन संचालक का कुछ पता नहीं चल सका।
इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर ने क्लीनिक को सील कर दिया और उस पर नोटिस चस्पा कर दिया। नोटिस पर क्लीनिक के संचालक को अपने कागजात मंगलवार सुबह दस बजे तक स्वास्थ्य विभाग में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी गई है।
सील हो गया क्लीनिक, अंदर रह गए लोग, जमकर हुआ हंगामा
स्वास्थ्य विभाग की टीम के जाने के बाद कुछ लोग चौसाना चौकी पहुंचे और वहां पर पुलिस को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि क्लीनिक के अंदर कई लोग हैं, लेकिन प्रशासन ने उस पर सील लगा दी है। तो पुलिस ने कह दिया कि सील को तोड़ने का अधिकार उसी का ही है, जिसने सील लगाई है। इस पर लोगों ने हंगामा कर दिया, लेकिन जांच के बाद पता चला कि अंदर कोई नहीं था।
डीएम के निर्देश पर कार्रवाई की गई, लेकिन उससे पहले ही संचालक मौके से फरार हो गया। इसमें स्पष्टीकरण नोटिस जारी करते हुए मंगलवार को 10 बजे तक का समय दिया गया है, ताकि अपनी वैधता के कागजात संचालक दिखा दे, नहीं तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। -मनु शंकर अग्रवाल, ड्रग इंस्पेक्टर शामली।