शामली। भर्ती के लिए दौड़ लगाने वाली दो बहनों के साथ कुछ युवकों ने छेड़छाड़ की। मामले की पुलिस से शिकायत की गई तो आरोपियों ने दोनों बहनों का अपहरण कर तेजाब डालने की धमकी दे डाली। पीड़िताओं ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के गांव सिलवार निवासी दो बहनें रोजाना सुबह, शाम पुलिस भर्ती के लिए दौड़ लगाती है। आरोप है कि गांव के ही कुछ युवक दोनों बहनों पर फब्तियां कसते और छेड़खानी करते हैं। इस बात का पता जब युवतियों के परिजनों को चला तो उन्होंने इसकी शिकायत थाना आदर्श मंडी पुलिस से की।
पुलिस ने आरोपियों को डांट दिया। आरोप है कि इससे आरोपी और भड़क गए और उन्होंने दोबारा दोनों युवतियों को अपहरण कर उनके ऊपर तेजाब डालने की धमकी दे डाली। इससे भयभीत दोनों बहनों ने मामले की शिकायत परिजनों को की।
परिजन युवतियों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे और वहां पर उन्होंने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आदर्श मंडी पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए हैं।