झिंझाना क्षेत्र के मंगलौरा में पॉकलेन मशीन से होता अवैध रेत खनन ।
- फोटो : अमर उजाला
झिंझाना। यमुना नदी में धड़ल्ले से अवैध रेत खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने अवैध खनन के खिलाफ आला अफसरों से शिकायत की, जिसके बाद शनिवार को एसडीएम ऊन ने पुलिस बल के साथ झिंझाना क्षेत्र के मंगलौरा में छापा मारा। मौके से पॉकलेन मशीन, जेसीबी, ट्रैक्टर ट्राली पकड़ी गई, मगर खनन करने वाले हाथ नहीं लगे।
थाना झिंझाना क्षेत्र में हरियाणा की सीमा स्थित यमुना नदी से अवैध रेत खनन का खेल काफी समय से चल रहा है। इसकी शिकायत यमुना किनारे स्थित गांव कमालपुर, खोड़समा और मंगलौरा के लोगों ने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने एनजीटी तथा चुनाव आयोग को भी शिकात पत्र भेजा। आला अफसरों के हड़काने के बाद ही शनिवार को प्रशासन में हलचल हुई। इसके चलते एसडीएम ऊन विजय प्रकाश तिवारी ने झिंझाना थाना पुलिस को साथ लेकर गांव मंगलौरा स्थित यमुना घाट पर चल रहे अवैध रेत खनन के खिलाफ छापा मारा। मौके से दो ट्रैक्टर ट्राली, दो पॉकलेन मशीन और जेसीबी बरामद की।
एसडीएम विजय प्रकाश मिवारी, खान अधिकारी शामली पीके श्रीवास्तव और एसएसआई ने बताया कि खनन करने वाले मौके से फरार हो गए। बरामद सभी सामान को सीज कर दिया गया है। एसएसआई सतपालसिंह ने बताया कि खनन अधिकारी शामली की ओर से अज्ञात खनन माफियाओं के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मौके पर मिली ट्रैक्टर ट्राली, पॉकलेन मशीन और जेसीबी के मालिकों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस के सामने रहा खनन माफिया का गुर्गा
शनिवार को छापा मारने के बाद पुलिस प्रशासनिक टीम ने बताया कि खनन करने वाले मौके से फरार हो गए। बावजूद इसके खनन माफिया का ठेकेदार और उसका एक साथी टीम के साथ ही मौजूद था।