गढ़ीपुख्ता। गांव दुल्लाखेड़ी से पशु चोरी करके भाग रहे दो आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पकड़े गए आरोपी दिन में चंदा मांगते फिरते हैं और रात में पशु चोरी करते हैं।
गांव दुल्लाखेड़ी निवासी अरुण के यहां से सोमवार की रात्रि एक भैंस और दो कटिया चोरी कर लिए गए। सुबह होने पर अरुण को चोरी के बारे में पता चला। इसी दौरान ग्रामीणों को ताना के जंगल में एक महेंद्रा पिकप गाड़ी खड़ी हुई दिखाई दी, जिसमें पशु लदे हुए थे।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना अरुण को दी। सूचना पर ग्रामीणों ने गाड़ी में बैठे दो युवकों को पकड़ लिया और गाड़ी में अरुण के यहां से चोरी हुए पशु बरामद कर लिए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर गढ़ीपुख्ता पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मालूम चला है कि पकड़े गए आरोपियों में से एक युवक दिन में चंदा मांगने आता था।
युवक की हत्या का आरोप
शामली। थानाभवन क्षेत्र के गांव उस्मानपुर निवासी एक महिला ने एसपी डॉ. अजय पाल शर्मा को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि वह अपने पति भूषण, बच्चों के साथ हरियाणा के अंबाला में रह रही है। आरोप है कि गत तीस सितंबर को उसके रिश्तेदार उसके पति को अपने साथ ले गए। आरोप है कि उसके बाद उसके पति की आरोपियों ने करंट लगाकर हत्या कर दी। मामले की शिकायत पुलिस को की गई, लेकिन पुलिस न कोई सुनवाई नहीं की। पीड़िता ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
जान से मारने की धमकी देने का आरोप
शामली। गांव हसनपुर निवासी ओमपाल ने एसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसकी पत्नी करीब 12 साल पूर्व बच्चों को छोड़कर चली गई थी। तब से लेकर आज तक उसका बच्चा उसके साथ रह रहा है। आरोप है कि पांच माह पूर्व एक व्यक्ति ने उसके पुत्र को अगवा कर लिया था, लेकिन उसका पुत्र किसी तरह चार नवंबर को उसके चंगुल से छूटकर अपने घर लौट आया था। आरोप है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में अपहरण समेत कई मुकदमे दर्ज है। इसी के चलते आरोपी उसके पुत्र को दोबारा अगवा करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।