शामली। राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी से देहरादून लौट रहे परिवार की कार शामली में सहारनपुर-मार्ग पर ट्रक की चपेट में आकर हादसे का शिकार हो गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। आरोपी चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
देहरादून के नवाबगढ़ विकासनगर निवासी बिजेंद्र (52) पुत्र ठाकुरदास अपनी पत्नी रेनू, बेटी पिंकी, भाभी जूली तथा शुभम और दीपक के साथ राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी धाम के दर्शन करने गए थे। वहां से लौटते समय मंगलवार की देर रात करीब 1.30 बजे वह शामली से निकलने के बाद सहारनपुर रोड पर पहुंचे, तो साईंधाम मंदिर के पास सामने से आए ट्रक ने कार में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इसी दौरान शामली क्षेत्र के गांव झाल निवासी याकूब ट्रैक्टर ट्राली लेकर वहां से गुजर रहा था, तो वह घटनास्थल पर रुक गया।
अन्य राहगीर भी इकट्ठा हो गए। इसके बाद याकूब ने अन्य लोगों की मदद से कार में फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकलवाया। इसके बाद घायलों को शामली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने बिजेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार शुरू करा दिया। घायलों ने अपना पता बताया, जिसके बाद उनके परिजनों और रिश्तेदारों को सूचना दी गई। बुधवार सुबह परिवार के परिचित लोग शामली पहुंचे। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने बिजेंद्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोपहर बाद पोस्टमार्टम कराने के बाद शव लेकर परिजन देहरादून रवाना हो गए।