जलालाबाद। टेंट व्यापारी के घर में डकैती डालने आए बदमाशों की उम्र 20 से 25 साल के बीच थी। सभी बदमाश नंगे पैर थे। कुछ बदमाशों के पास तमंचे थे, तो एक के पास बंदूक थी।
चार बदमाशों ने परिवार को कवर किया हुआ था, जबकि दो बदमाश मकान को खंगालने में लगे रहे। बदमाशों ने नकदी और जेवरात ले जाने के लिए व्यापारी से ही थैला लिया।
इतना ही नहीं, व्यापारी को एक बदमाश बाबाजी कहकर चुप कर रहा था, तो कभी दूसरा बदमाश अंकल कहता था। यह सभी बातें व्यापारी परिवार ने पुलिस अधिकारियों को बताई है। देर रात दो बजे से तड़के चार बजे तक व्यापारी परिवार दहशत के साये में रहा था।
परिवार को बंधाया ढांढस
लाला महेंद्र कुमार के यहां हुई डकैती की खबर आग की तरह पूरे कस्बे में फैल गई। इसके बाद लोगों का परिवार को ढांढस बंधाने के लिए आना शुरू हो गया। भाजपा नेता बोबी शर्मा, राज्यमंत्री सुरेश राणा के भाई नरेश राणा, जिला पंचायत सदस्य शेर सिंह राणा, पूर्व चेयरमैन अशरफ अली खान, पूर्व चेयरमैन रईस अहमद, हाजी इलियास मंसूरी, जहीर मलिक, सहकारी संघ के चेयरमैन ठाकुर रामपाल सिंह, प्रधान जयपाल सिंह, प्रधान ओमप्रकाश सिंह, प्रधान नरेंद्र सिंह, डॉ. धर्मवीर पाल, सुशील सैनी, राकेश शर्मा आदि लोगों ने दुखी परिवार को ढांढस बंधाया।
मुंह से गाली निकलते ही बदमाश बोले सॉरी
पीड़ित परिवार के अनुसार एक बदमाश के मुंह से परिवार के लोगों के लिए गाली निकल गई। इस पर उस बदमाश ने उसी दौरान पूरे परिवार को सॉरी बोला। यहीं नही बदमाशों ने लूट गए रुपयों में से महेंद्र ने दो सौ रुपये मांगे। इस पर बदमाश ने उसे रुपये भी दे दिए। इस मामले में पुलिस हरेक बिंदु पर जांच कर रही है।