बरनाहल (मैनपुरी)। क्षेत्र के गांव नवाटेड़ा के समीप शुक्रवार देर शाम बाइक सवार लुटेरों ने तमंचे के बल पर एक आढ़ती से 50 हजार रुपये, मोबाइल लूट लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा।
थाना क्षेत्र के गांव नगला नधा निवासी सुनील कुमार थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित नई मंडी में आढ़त का काम करते हैं। मंडी में मां ज्ञान देवी ट्रेडर्स के नाम से उनकी दुकान है। शुक्रवार देर शाम वह मंडी से वापस घर जा रहे थे।
रात करीब 8.30 बजे जब उनकी बाइक क्षेत्र में गांव नवाटेड़ा के समीप सेगर नदी पुल पर पहुंची। तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए लुटेरों ने सुनील की बाइक को पैर मार कर गिरा दिया।
गिरते ही सुनील की कनपटी पर तमंचा सटाकर जेब में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे बाइक की चाभी भी निकाल कर भाग गए।
सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पहुंची पुलिस ने भी लुटेरों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।