शामली। झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव अहमगढ़ निवासी हेम सिंह शामली डिपो में बस कंडेक्टर है। सोमवार को वह ड्यूटी के बाद गांव जा रहा था। मेरठ-करनाल रोड पर एक ठेली लगाने वाला युवक युवतियों को देेकर जानबूझकर रास्ते में पानी डालने लगा। इससे युवतियों को परेशानी होने लगी।
हेम सिंह इस पर युवक से छेड़खानी का विरोध किया। आरोप है कि इसी बात पर युवक ने अपने तीन-चार साथियों को फोन कर वहां बुला लिया और उसके साथ मारपीट और सिर में लोहे की रॉड मारकर घायल कर दिया।
शोर-शराबा सुन लोगों की भीड़ एकत्र हुई तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित कोतवाली में पहुंचा और आरोपियों की शिकायत की। पुलिस ने घायल हेम सिंह का मेडिकल कराकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उधर, लिलौन में रविवार शाम महिलाएं टहल रही थीं। उसी दौरान शराब के नशे में धुत एक मनचले ने उनके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। महिलाओं ने शोर मचा दिया।
मौके पर एकत्र हुए लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया तथा उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद उसे लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। देर रात ही दोनों पक्षों में फैसला हो गया। जिसके बाद शराबी को छोड़ दिया गया।