कैराना। ड्रग्स माफिया को गिरफ्तार करने के लिए गांव पावटी कलां में दबिश के दौरान पुलिस पर जानलेवा हमला करके आरोपी को छुड़ाने के मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
रविवार को कैराना कोतवाली में प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजय पाल ने बताया कि चार दिसंबर को कैराना कोतवाली पुलिस ने पावटी कलां में दबिश देकर धोखाधड़ी के मामले में वांछित चल रहे स्मैक सप्लायर मास्टर आलिम को हिरासत में ले लिया था। उस दौरान आलिम के तीन पुत्रों, पत्नी व परिवार के अन्य लोगों ने पुलिस पार्टी पर पथराव और फायरिंग कर दी थी।
दारोगा आदेश कुमार की वर्दी फाड़ते हुए वर्दी की डोरी से गला घोंटकर जान से मारने तथा गैस सिलेंडर में आग लगाकर पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाने की कोशिश की गई थी। घटना में तीन दरोगा और एक कांस्टेबल घायल हो गए थे। एसआई आदेश कुमार ने कोतवाली में आलिम सहित 15 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
आलिम पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। रविवार सुबह सात बजे सीओ कैराना भूषण वर्मा के निर्देशन में पुलिस ने पावटी कलां बस अड्डे पर दबिश देकर आरोपी आलिम को गिरफ्तार कर लिया। वह करनाल में खुर्शीद के जा रहा था। आलिम के पास से एक तमंचा 315 बोर, 2 कारतूस व स्मैक की 20 पुड़िया बरामद की हैं। एसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कार देने और हमले के सभी आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई कराए जाने का एलान किया। आलिम को कोर्ट में पेश करके पुलिस ने जेल भेज दिया।